Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडकोटद्वार में गुलदार का कहर: बरस्वार गांव में आंगन से डेढ़ साल...

कोटद्वार में गुलदार का कहर: बरस्वार गांव में आंगन से डेढ़ साल की बच्ची को उठाकर ले गया, झाड़ियों में मिला शव

कोटद्वार।
कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार के आतंक से एक बार फिर दहशत फैल गई है। विकासखंड जयहरीखाल की ग्राम पंचायत बरस्वार में शनिवार शाम गुलदार ने घर के आंगन में खेल रही डेढ़ साल की बच्ची को उसके माता-पिता के सामने उठाकर जंगल की ओर ले गया। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद बच्ची का शव घर से लगभग 20 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बरस्वार निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल की पोती याशिका, पुत्री जितेंद्र, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपने माता-पिता के साथ घर के आंगन में थी। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए गुलदार ने झपट्टा मारकर बच्ची को उठाया और पिता जितेंद्र व मां प्रियंका की आंखों के सामने ही जंगल की ओर भाग गया। अचानक हुई इस घटना से माता-पिता स्तब्ध रह गए और चीख-पुकार मच गई।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत जंगल व आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद रात करीब नौ बजे बच्ची का शव झाड़ियों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना लैंसडौन वन प्रभाग के पालकोट जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए वन विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाते, तो इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments