Saturday, April 18, 2026
Homeअपराधउधम सिंह नगर में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम: फास्ट फूड विक्रेता...

उधम सिंह नगर में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम: फास्ट फूड विक्रेता की चाकू से गोदकर हत्या

उधम सिंह नगर: जिले में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात एक फास्ट फूड विक्रेता की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब युवक अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी गल्ला मंडी निवासी दीपक कुमार आवास विकास गेट के पास फास्ट फूड की दुकान चलाते थे। रोज की तरह शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे वह दुकान बंद कर घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान बनखंडी मंदिर के पीछे रास्ते में शिवा नाम का युवक उनके पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी उसी मोहल्ले का रहने वाला है और अपने मामा लल्ला कोली के यहां रह रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवा ने पहले दीपक के साथ मारपीट की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना की सूचना मोहल्ले के कुछ युवकों ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही दीपक का भाई विनीत कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

गंभीर रूप से घायल दीपक को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

परिजनों के अनुसार, दीपक के पिता का चार वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। दीपक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments