टिहरी गढ़वाल। जनपद के कौड़ियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां एक कार सरिये से लदे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे ब्यासी के पास हुई। सड़क किनारे सरिये से लदा एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कार में फंसी एक महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान धूमा देवी (55), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह के रूप में हुई है। शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
अन्य सात घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।