हल्द्वानी।
उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र के रानीबाग में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मासूम कनक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीलीभीत निवासी 35 वर्षीय जीवन लाल अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए करीब डेढ़ साल पहले रानीबाग आकर मजदूरी करने लगे थे। तीन माह पहले ही उन्होंने अपनी पत्नी, दो बेटों और इकलौती बेटी कनक को भी अपने पास बुलाया था। मेहनत के बाद बेटी की मुस्कान ही उनके जीवन का सहारा थी, लेकिन सोमवार को यह खुशी एक पल में छिन गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त जीवन लाल घर पर खाना खा रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई है। खबर सुनते ही उनका हाथ थम गया और वह तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी बेटी को सड़क पर लहूलुहान हालत में देखा, जिससे उनका हृदय विदारक हो उठा।
दो भाइयों की इकलौती बहन थी कनक
कनक अपने दो भाइयों—विशाल (5 वर्ष) और सार्थक (2 वर्ष)—की इकलौती बहन थी। गांव से रानीबाग आने के बाद वह रोजाना आंगनबाड़ी केंद्र जाती थी। सोमवार को भी वह अपने भाई और अन्य बच्चों के साथ केंद्र से लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी थी चेतावनी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्चे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान नैनीताल की ओर से तेज गति से आ रही बस को देखकर कुछ लोगों ने चालक को धीमा चलने का इशारा किया, लेकिन चालक ने लापरवाही बरती और बस ने मासूम को टक्कर मार दी।
बस ने 20 मीटर तक घसीटा
हादसा इतना भीषण था कि बच्ची बस के पहिए में फंस गई और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। इस दौरान बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद बच्ची का शव एंबुलेंस में रखा गया। मां राजकुमारी शव के पास बैठकर लगातार बिलखती रही। वह बार-बार अपनी बेटी को वापस लाने की गुहार लगाती रही, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो उठा।
गुस्साई भीड़ ने किया पथराव
हादसे के बाद बस में सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। चालक की लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
परिवार में पसरा मातम
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद जीवन लाल को हर कोई ढांढस बंधाता रहा, लेकिन वह बार-बार अपनी बेटी को याद कर फफक पड़ते थे। घर पर उनकी अधूरी थाली इस बात की गवाही दे रही थी कि एक पल में उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।