देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी पर जानलेवा हमला करने के साथ-साथ अपहरण की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया, जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में उनका कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। उसी दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित के मुताबिक, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास स्थित एक कैफे से लौट रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान दूसरी कार से पहुंचे अन्य युवकों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। हर्ष वालिया ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।
भीड़ जुटता देख आरोपी बौखला गए और पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी बीच हर्ष वालिया किसी तरह पास की दीवार फांदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना में उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक मकान की दीवार भी टूट गई।
पीड़ित ने हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा सहित तीन अन्य युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को कब्जे में ले लिया।
पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।