हरिद्वार:
धार्मिक नगरी हरिद्वार में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात साधु की डंडों और पत्थरों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच एक साधु पर नेपाली मूल के एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने साधु पर डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना की सूचना कुलदीप निवासी मोहनपुरा, रुड़की (हाल निवासी दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला) ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल साधु को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
वहीं, मृतक साधु की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।