Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तराखंडपौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक: बमठी गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग...

पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक: बमठी गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों में आक्रोश

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जिला मुख्यालय से सटे क्षेत्र का है, जहां बमठी गांव में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर मार डाला। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी (75) बृहस्पतिवार सुबह अपने घर से लगे खेतों में भैंस के लिए घास लेने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और खतरनाक था कि बुजुर्ग महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए घनी झाड़ियों में ले गया, जहां उसने उन्हें अपना निवाला बना लिया। काफी देर तक जब सीता देवी घर नहीं लौटीं तो उनके पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी को चिंता हुई। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत में महिला की चप्पल और दरांती मिलने के बाद आशंका गहराई। खोजबीन के दौरान झाड़ियों के बीच महिला का अधखाया शव बरामद हुआ, जिसे देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव कर दिया और गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे तुरंत मारने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गुलदार को मारा नहीं जाता, तब तक वे बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पहले इसी क्षेत्र के पास बाड़ा गांव में भी गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ग्रामीण तत्काल समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments