Tuesday, April 28, 2026
Homeउत्तराखंडनैनीताल: दोगड़ा गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, दो मौतों के...

नैनीताल: दोगड़ा गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, दो मौतों के बाद भी दहशत कायम

नैनीताल। भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दोगड़ा में मंगलवार सुबह वन विभाग को बड़ी सफलता मिली, जब इलाके में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में तेंदुओं की आवाजाही लगातार बढ़ गई थी, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। इसी खतरे को देखते हुए वन विभाग ने इलाके में पिंजरे लगाए थे, जिनमें से एक में यह तेंदुआ फंस गया।

भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि दोगड़ा के आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की सक्रियता चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ज्योली और भद्ययूनी में वन्यजीवों के हमलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि एक तेंदुए के पकड़े जाने से स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं मानी जा सकती, क्योंकि इलाके में अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग को लगातार गश्त करने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने की आवश्यकता है।

वन विभाग की टीम फिलहाल तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी कर रही है। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments