जौलीग्रांट क्षेत्र के अठूरवाला में किराए के मकान में रह रहे पौड़ी निवासी एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब युवक का दोस्त उसे खाना देने कमरे पर पहुंचा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोटी अठूरवाला वार्ड संख्या आठ में रहने वाले 25 वर्षीय नीरज रावत का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। नीरज मूल रूप से पौड़ी जिले के बोंसरी गांव का निवासी था। वह अविवाहित था और जौलीग्रांट क्षेत्र में टैक्सी चलाकर अपना जीवनयापन करता था। पिछले करीब एक वर्ष से वह गणेश थपलियाल के मकान में किराए पर रह रहा था।
बताया गया कि रविवार शाम नीरज का एक दोस्त उसे खाना देने उसके कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए। नीरज कमरे में पंखे से फंदे पर लटका हुआ था।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज चिंतामणि मैठाणी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रविवार रात को ही आत्मघाती कदम उठाया था, जबकि घटना की जानकारी सोमवार शाम को सामने आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।