देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) का एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसीसी) सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में स्थापित इस आधुनिक केंद्र के माध्यम से खराब मौसम की स्थिति में भी हेली सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
आईसीसीसीसी में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और यूकाडा की छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम तैनात की गई है। यह टीम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर हेली संचालन को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध बनाने में जुटी हुई है।
केंद्र के माध्यम से चारधाम यात्रा में संचालित सभी हेलिकॉप्टर सेवाओं, हेली रूट, ट्रैकिंग डिवाइस, प्रत्येक हेली ट्रिप और शटल सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा विभिन्न हेली रूटों पर लगाए गए पीटीजेड कैमरों से हेलिकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ पर भी नजर रखी जा रही है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो पा रही है।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम हेली यात्रा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अधिक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सहस्त्रधारा और सिरसी में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां डीजीसीए और आईएमडी के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक हेली उड़ान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय स्थापित कर हर शटल सेवा को मंजूरी दी जा रही है। खराब मौसम, कम विजिबिलिटी और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी हेली सेवाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यूकाडा के आंकड़ों के अनुसार, 22 अप्रैल से अब तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालु हेलिकॉप्टर के माध्यम से चारधाम यात्रा कर चुके हैं। फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से संचालित शटल सेवाओं के जरिए 17,976 यात्रियों को दर्शन कराए गए हैं। वहीं 10 मई तक चार्टर्ड हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से 3,974 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।
हेली टिकट बुकिंग में अब तक नहीं मिली धोखाधड़ी की शिकायत
यूकाडा अधिकारियों के मुताबिक, चारधाम यात्रा के दौरान हेली टिकट बुकिंग में अब तक किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की शिकायत सामने नहीं आई है। श्रद्धालु आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं और अभी तक फ्रॉड का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।