Tuesday, May 12, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में पीएम मोदी के आह्वान को जनआंदोलन बनाएगी देवभूमि, बोले सीएम...

उत्तराखंड में पीएम मोदी के आह्वान को जनआंदोलन बनाएगी देवभूमि, बोले सीएम धामी- हर नागरिक को निभानी होगी जिम्मेदारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते आए हैं और इस बार भी प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जनआंदोलन का रूप देगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देने के लिए आगे आएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति छोटे-छोटे संकल्प लेकर अपने जीवन में बदलाव लाए, तो उसका सीधा सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता पर पड़ेगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में भी अहम कदम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालने, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, बिजली और अन्य ऊर्जा संसाधनों की बचत करने, खेती में रासायनिक उर्वरकों के बजाय प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने और खाद्य तेल का संयमित इस्तेमाल करने जैसे छोटे प्रयास भी देशहित में बड़ा योगदान साबित हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि नागरिक एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से परहेज करें और घरेलू उत्पादों को बढ़ावा दें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सीएम धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेगी और प्रधानमंत्री के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments