Friday, August 14, 2026
Homeउत्तराखंडभाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इस महीने करेंगे उत्तराखंड दौरा, विधानसभा चुनाव तैयारियों...

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इस महीने करेंगे उत्तराखंड दौरा, विधानसभा चुनाव तैयारियों का लेंगे फीडबैक

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी महीने उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेगा।

रविवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण भी दिया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।

दरअसल, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का मई के पहले सप्ताह में तीन दिवसीय देहरादून दौरा प्रस्तावित था। पार्टी संगठन ने इसकी तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली थीं, लेकिन पांच राज्यों की मतगणना और राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते यह दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब संभावना जताई जा रही है कि नितिन नवीन मई के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड पहुंचेंगे।

संगठनात्मक तैयारियों की करेंगे समीक्षा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य में 304 मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। कई संगठनात्मक जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 मई तक पूरे हो जाएंगे। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों के समापन के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय किया जाएगा।

बूथ स्तर तक होगा मंथन

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान संगठन पदाधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इसके अलावा जिला स्तर, बूथ स्तर और कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा का फोकस आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति तैयार करने पर रहेगा। पार्टी नेतृत्व आपसी समन्वय, संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन को लेकर विशेष जोर देगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा भाजपा के लिए चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि पार्टी अभी से संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों को धार देने में जुट गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments