Wednesday, May 20, 2026
Homeउत्तराखंडटिहरी में बड़ा हादसा टला: हाईटेंशन लाइन से टकराया हेलिकॉप्टर, खेतों में...

टिहरी में बड़ा हादसा टला: हाईटेंशन लाइन से टकराया हेलिकॉप्टर, खेतों में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तकनीकी समस्या उत्पन्न होने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर की खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून की ओर आ रहा था। इसी दौरान चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय हेलिकॉप्टर अचानक हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। संपर्क में आने से हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद पायलट ने तत्काल सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू करते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया। प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर काफी नीचे उड़ रहा था और अचानक तेज आवाज के साथ खेतों की ओर उतरने लगा। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज हवाओं को घटना की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। साथ ही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हेलिकॉप्टर को नुकसान पहुंचने की पुष्टि भी हुई है।

घटना की विस्तृत जांच अब तकनीकी और एविएशन एजेंसियों द्वारा की जाएगी। वहीं जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना का प्रसार न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments